भीषण गर्मी की वजह से उत्तर भारत में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। राजस्थान, यूपी, और गुजरात में पिछले दो दिन में जानलेवा गर्मी से करीब दो दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली समेत राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब में पारा 45 के करीब और उसके पार दर्ज किया गया। राजस्थान के फलोदी में सबसे ज्यादा तापमान 51 डिग्री दर्ज किया गया। यहां तक की गर्मी की मार से जम्मू-कश्मीर का पुंछ भी अछूता नहीं है। इस पहाड़ी शहर में बीते दो दिनों के दौरान पारा 40 डिग्री के आस पास दर्ज किया जा रहा है। अहमदाबाद में गर्मी का 100 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा और पारा 48 डिग्री तक पहुंच गया। इससे पहले अहमदाबाद में 27 मई 1916 में सबसे ज्यादा तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया था।