हैदराबाद के बिट्स पिलानी के एक पीएचडी स्कॉलर ने एक ऐसी हेल्थ मॉनिटरिंग डिवाइस बनाने का दावा किया है जो लोगों के मधुमेह पर नज़र रखने के तरीके को बदल सकती है. तृतीय वर्ष के शोध छात्र अभिषेक राजपूत ने स्मार्टवॉच के अनुकूल ऐसी डिवाइस विकसित की है, जो पसीने और यूरिन का इस्तेमाल कर ग्लूकोज के स्तर को मापता है. राजपूत के मुताबिक ये डिवाइस पहले स्मार्टफोन के लिए विकसित की गई थी और अब इसे स्मार्टवॉच के मुताबिक ढाला गया है. बताया जा रहा है कि इस इनोवेशन ने पेटेंट भी हासिल कर लिया है. राजपूत का कहना है कि बड़ी स्मार्टवॉच कंपनियों ने इस डिवाइस को बाजार में लाने में दिलचस्पी दिखाई है.