Surprise Me!

पंजाब में अधिकारी की आत्महत्या पर मंत्री का इस्तीफा, विपक्ष ने की FIR दर्ज कराने और CBI जांच की मांग

2026-03-21 1 Dailymotion

पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के एक अधिकारी की आत्महत्या मामले में प्रदेश में सियासी घमासान छिड़ गया है. इस मामले में कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया. लालजीत सिंह भुल्लर पर कर्मचारी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है. लिहाजा विपक्ष ने प्रदेश की मान सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं. विपक्ष ने लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी के साथ मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है.  

मामला वेयरहाउसिंग के एक टेंडर से जुड़ा हुआ है. विपक्ष का आरोप है कि भुल्लर ने अपने एक खास व्यक्ति को ठेका देने के लिए अधिकारी पर दबाव बनाया.. और जब अधिकारी ने ऐसा नहीं किया गया तो ना सिर्फ उसकी बेइज्जती की गई.. बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली गई.    

बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जिसमें मृतक ने कथित तौर पर लालजीत भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए. घटना सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर दी है.  

गगनदीप सिंह रंधावा अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक थे. उनकी आत्महत्या के बाद सीएम भगवंत मान ने भुल्लर से पद छोड़ने के लिए कहा था. सीएम मान ने मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए हैं,  वहीं, विपक्ष ने मामले की CBI जांच की मांग की है. उधर, आरोपी लालजीत सिंह भुल्लर ने आरोपों को निराधार बताया है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो इसीलिए उन्होंने इस्तीफा दिया.