जनसेवा का इरादा हो, तो नीयत होनी चाहिए, दौलत नहीं। केरल में एट्टुमानूर की आशना थंबी की यही सोच है. 26 साल की पत्रकार और नेता ने जब विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, तो जेब में मात्र 84 रुपये थे. आशना 'सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट)' की उम्मीदवार हैं। वे छात्र आंदोलनों और कई विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रही हैं. उधर तमिलनाडु के अरियालुर में किसान सन्मुखसुंदरम ने चुनाव लड़ने के लिए जरूरी 10,000 रुपये की जमानत राशि जुटाने के लिए लोगों से मामूली चंदे मांगे. अक्सर वे हाथ में लिखित अपील लेकर राजमार्गों पर खड़े हो जाते, ताकि राहगीरों का ध्यान खींच सकें. निश्चित रूप से, दोनों उम्मीदवार धन शक्ति की बदौलत संचालित चुनावी ढांचे में एक दुर्लभ अपवाद हैं.