सभी को शिक्षा मुहैया कराने के लिए UNESCO को लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन यूनेस्को ने इस बात पर चिंता जताई है कि अगर मौजूदा रफ्तार से चलते रहे तो भी साल 2030 तक सभी के लिए शिक्षा का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाएगा. यूनेस्को की हालिया 'ग्लोबल एजुकेशन मॉनिटरिंग रिपोर्ट 2026' में ये बताया गया है कि इस दिशा में कुछ बड़े और ऐतिहासिक कदम जरूर उठाए गए हैं, इसके बावजूद लक्ष्य को पाना मुश्किल है.
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2000 से अब तक दुनिया भर में प्राइमरी और सेकेंडरी शिक्षा के नामांकन में 30%, बुनियादी शिक्षा में 45% और उच्च शिक्षा में 161% की बढ़ोतरी हुई है.
इसी दौरान, शिक्षा पूरी करने की दर भी बढ़ी है. प्राइमरी शिक्षा में यह दर 77% से बढ़कर 88%, लोअर सेकेंडरी में 60% से बढ़कर 78% और अपर सेकेंडरी में 37% से बढ़कर 61% हो गई है. हालांकि, पिछले सात सालों में स्कूल न जाने वाले बच्चों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है.