सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरोन को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है. पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग और OFTEC सेल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. आरोपी को मिडिल ईस्ट से ट्रैक कj डिपोर्ट कराया गया और दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया. ध्यान देने वाली बात ये है कि मर्डर के बाद अमृतपाल सिंह देश छोड़कर फरार हो गया था और काफी समय से विदेश में छिपा हुआ था.
ये मामला जून 2025 का है, जब आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कंचन कुमारी को किडनैप किया और फिर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार में छोड़ दिया गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ ये एक प्लान्ड मर्डर था, जिसमें गला घोंटकर हत्या की गई थी. इस केस में पहले ही तीन आरोपियों जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रंजीत सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची.
हत्या के बाद अमृतपाल सिंह मेहरोन दुबई भाग गया था. बठिंडा कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया और इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हुआ. इसके बाद शुरू हुआ इंटरनेशनल लेवल पर ऑपरेशन और आखिरकार उसे मिडिल ईस्ट से पकड़कर भारत लाया गया. फिलहाल आरोपी पुलिस की कस्टडी में है और उससे पूछताछ जारी है.