देश के कई भागों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने दस्तक दे दी है. इससे अप्रैल महीने में ही जून हाल दिख रहा है. यूपी के बांदा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में भी कमोबेश यही हाल है. गर्मी की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं. भीषण गर्मी के देखते हुए प्रयागराज के अस्पताल में लू के मरीजों के इलाज के लिए 25 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है.
इंसानों की तरह पशुओं का भी बुरा हाल है. वाराणसी के सारनाथ मिनी जू में जू प्रशासन ने जंगली जानवरों और पक्षियों की देखभाल के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. उनके लिए पीने का पानी और छायादार जगह की व्यवस्था की गई है. साथ ही, उनके खान-पान पर भी ध्यान दिया जा रहा है. वाराणसी जू की तरह ही, केरल के तिरुवनंतपुरम जू में भी जंगली जानवरों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. उन्हें ऐसा खाना दिया जा रहा है.. जिसमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है.