तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जबरदस्त धमाके में 22 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा, छह और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका अभी विरुधुनगर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक घायलों में से चार की हालत गंभीर बनी हुई है. आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है. बताया गया है कि विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी में एक निजी पटाखा बनाने वाली यूनिट में रविवार दोपहर यह धमाका हुआ. पटाखों के फटने की आवाज लगभग 10 किलोमीटर तक सुनाई दी. घटना की सूचना मिलने के बाद फायर और रेस्क्यू सर्विस के कर्मी मौके पर पहुंचे और अभी आग बुझाने की कोशिश में लगे हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि छह लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.