प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की महिला मतदाताओं से विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा का समर्थन करने की अपील की. उन्होंने सत्ताधारी टीएमसी को "महिला विरोधी" पार्टी बताया. यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के पास 'महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास' का मॉडल है और पार्टी को वोट देने से टीएमसी द्वारा "बेटियों पर किए जाने वाले अत्याचारों" से मुक्ति सुनिश्चित होगी. हम बंगाल को सालों की कठिनाइयों से मुक्त करेंगे. टीएमसी के डर से मुक्ति, टीएमसी के भ्रष्टाचार से मुक्ति, टीएमसी के सिंडिकेट से मुक्ति, बेटियों पर होने वाले अत्याचारों से मुक्ति, पलायन की मजबूरी से मुक्ति, बेरोजगारी से मुक्ति और घुसपैठियों के कब्जे से मुक्ति."प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद दोषियों को सजा दी जाएगी और महिलाओं को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी. इसे "मोदी की गारंटी" बताते हुए उन्होंने कहा, "4 मई को भाजपा सरकार बनने के बाद, हर अन्याय और हर अत्याचार की फाइल खोली जाएगी. यह मोदी की गारंटी है."