शनिवार को दो धमाकेदार मैच थे. शुक्रवार को विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ निर्णायक 81 रन की पारी खेली और इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में चोटी पर पहुंच गए. फिर नाटकीय बदलाव हुए. ऑरेंज कैप के दावेदार तीन बार बदले और कोहली पांचवें पायदान पर खिसक गए. बेशक शुरुआत कोहली की बढ़त के साथ हुई, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ के. एल. राहुल की रिकॉर्ड तोड़ 152 रन की पारी ने उन्हें ऑरेंज कैप का सबसे प्रबल दावेदार बना दिया. शाम होते-होते ऑरेंज कैप उनसे भी दूर हो गया.
वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर का दूसरा शतक लगाया. सिर्फ 37 गेंद में तूफानी 103 रन बनाए और सूची में चोटी पर पहुंच गए, लेकिन अभी कैप का पाला बदलना बाकी था. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अभिषेक शर्मा के सामने 229 रन की चुनौती थी. उन्होंने 29 गेंद में शानदार 57 रन बनाए और रात होते-होते टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए.
अब आठ मैच में अभिषेक के 380 रन हो गए हैं. उनके ठीक पीछे 357 रन के साथ वैभव और राहुल हैं. चोटी के पांच बल्लेबाजों में हेनरिक क्लासेन भी हैं, जिन्होंने 349 रन बनाए हैं। 328 रन के साथ कोहली सूची में अंतिम पायदान पर हैं.