सवाईमाधोपुर। रवाजंना डूंगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। इंदरगढ़ माताजी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।
मुंद्राहेड़ी के आगे बंधे के पास सड़क किनारे खड़ी कमांडर जीप को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप में बैठे बिचपुरी गुजरान निवासी 60 वर्षीय काडू गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चालक को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने काडू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया।
मासूमों की हालत गम्भीर
घायल बच्चियों में 5 वर्षीय कृपा गुर्जर की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे जयपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं 16 वर्षीय भारती का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
परिजनों का छलक पड़ा दर्द
परिजनों ने बताया कि वे सभी इंदरगढ़ माताजी के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे मुंद्राहेड़ी के पास पानी पीने के लिए रुके थे, तभी पीछे से आए खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी जीप को टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।