प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में आयोजित जनसभा में महिलाओं को संबोधित करते भोजपुरी बोली का प्रयोग किया. पीएम मोदी का ये अंदाज कोई पहली बार देखने को नहीं मिला. वे जब भी बनारस आते हैं तो यहीं के रंग में रंग जाते हैं और लोगों से अपना संबोधन भोजपुरी में ही शुरू करते हैं. वहीं, काशी वासी भी पीएम को उतना ही अपना मानते हैं, जितना की नरेन्द्र मोदी उन्हें अपना. तभी यहां की महिलाएं कहती हैं, ‘मोदीजी बनारस आइ के गर्दा उड़ाए देनै’. बता दें, मोदी की जनसभा हाउसफुल रही, कार्यक्रम में रिकॉर्ड तोड़ महिलाओं की भीड़ रही. वहीं महिलाओं का कहना है कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी में आकर हम लोगों से मंच से भोजपुरी में बात करते हैं. यह बिल्कुल अपने किसी परिवार के सदस्य जैसा लगता है. उनका बात करने का तरीका और संबोधन का तरीका हम सभी को अच्छा लगता है. पीएम मोदी के कारण ही आज महिलाओं को उनका सम्मान मिला है और महिलाओं को हक मिला है. महिलाओं ने कहा कि, जब भी प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी आते हैं, अपने बीच के ही लगते हैं.