दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर मार्केट में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया और लकड़ी, फोम, प्लाई और फर्नीचर से भरी दर्जनों दुकानों में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां घंटों तक आग पर काबू पाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन तब तक करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। आग में अपनी दुकान गंवाने वाले व्यापारियों का दर्द साफ झलक रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिसकी वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया।