झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में भारतीय एथलेटिक्स ने एक ऐतिहासिक दिन देखा. पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह और तमिलनाडु के विशाल टीके ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर ट्रैक पर आग लगा दी. पुरुष 100 मीटर दौड़ में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.09 सेकेंड का समय निकाला और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने शुक्रवार को सेमीफाइनल में 10.17 सेकेंड का समय निकाला था, जबकि फाइनल में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए स्वर्ण पदक जीता. इसके साथ ही उन्होंने 10.16 सेकेंड के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया.