राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह सीएनजी की कीमतों में एक और बढ़ोतरी के साथ हुई. दिल्ली में सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम और महंगी हो गई है. ये दो हफ्तों से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है. इस ताजा बदलाव के बाद, राष्ट्रीय राजधानी में अब सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. मई के मध्य से अब तक सीएनजी की कीमतों में कुल बढ़ोतरी चार रुपये प्रति किलोग्राम हुई है. ताजा बढ़ोतरी का कैब और ऑटो-रिक्शा चालकों ने विरोध किया है. उनका कहना है कि जहां एक तरफ ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं, वहीं दूसरी तरफ किराए में अब तक उस हिसाब से कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऑटो-रिक्शा चालकों ने कहा कि वे पहले से ही घटती कमाई और ऐप-आधारित सेवाओं से बढ़ रही चुनौतियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में सीएनजी की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई से उनके लिए गुजारा करना मुश्किल हो रहा है.