जयपुर की 60 वर्षीय साइकिलिस्ट रेणु सिंघी ने 1,200 किलोमीटर लंबी और दुनिया की सबसे कठिन एंड्योरेंस रेसों में से एक ‘पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस’ को पूरा कर नया इतिहास रच दिया है. 51 साल की उम्र में साइकिलिंग शुरू करने वाली रेणु आज भारत की प्रमुख एंड्योरेंस साइकिलिस्टों में गिनी जाती हैं. उन्होंने अब तक 15 सुपर रैंडोन्यूर खिताब जीतने के साथ करीब 1.5 लाख किलोमीटर साइकिलिंग पूरी की है. अपने सफर में गंभीर सड़क हादसों, फ्रैक्चर और कई शारीरिक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. कश्मीर, खारदुंगला, नेपाल और देश के कई हिस्सों में साइकिलिंग कर चुकी रेणु अब भारत के बाकी क्षेत्रों को भी साइकिल से नापने का सपना देख रही हैं. उनकी कहानी साबित करती है कि जुनून और हौसले के आगे उम्र कोई मायने नहीं रखती.