राज्यसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. पार्टी ने मध्य प्रदेश से महेश केवट और कर्नाटक से प्रोफेसर डॉ. एम. नागराज को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए लिंगराज पाटिल और रघु कौटिल्य के नामों पर भी मुहर लगाई गई है. 18 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर मतदान होना है, जिसके चलते सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं. कर्नाटक, गुजरात और आंध्र प्रदेश की चार-चार तथा राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटों पर विशेष नजर है. नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है. अब अन्य दलों के उम्मीदवारों पर भी सबकी नजर बनी हुई है.