दिल्ली में इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित बैठक से पहले पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अरविन्द केजरीवाल की मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. बैठक में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे. तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए बताया कि नेताओं के बीच भविष्य की राजनीतिक रणनीति और सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब विपक्षी दल 2029 के लोकसभा चुनावों को लेकर नए समीकरण तलाश रहे हैं. कांग्रेस के अनुसार इंडिया गठबंधन की बैठक में 23 दल शामिल हो सकते हैं, जहां महंगाई, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की नीतियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.