जम्मूमें तवी नदी के किनारे स्थित नया ‘कचरे से कलाकृति’ पार्क पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है. जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत विकसित इस पार्क में बेकार धातु और अन्य कबाड़ सामग्री से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, ताजमहल, चिनाब ब्रिज और अखनूर किले जैसी प्रसिद्ध संरचनाओं की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं. अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और रीसाइक्लिंग के प्रति जागरूकता फैलाना है. अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नया आकर्षण साबित हो सकता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे पर्यटन बढ़ेगा और शहर के कारोबार को भी फायदा मिलेगा.