उत्तराखंड के देहरादून स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में मानसून से पहले एक बार फिर बाढ़ का खतरा चर्चा में है. पिछले वर्ष 16 सितंबर को बादल फटने और भारी बारिश के कारण बलदी नदी में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी. इस आपदा में कई लोगों की जान गई और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई थी. अब नदी किनारे नए निर्माण कार्यों और अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों की चिंता बढ़ गई है. पर्यटक बेहतर प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं. वहीं प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने का दावा किया है. मानसून करीब आने के साथ सभी की नजरें सुरक्षा तैयारियों पर टिकी हैं.