केरल सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ‘प्रियदर्शिनी’ योजना शुरू की है, जिसके तहत राज्यभर की सामान्य KSRTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशान ने इस योजना का शुभारंभ करते हुए इसे चुनावी वादे की पूर्ति और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. योजना से छात्राओं, कामकाजी महिलाओं और कम आय वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. लाभार्थियों को बस कंडक्टर से शून्य मूल्य का टिकट लेना होगा. हालांकि कुछ यात्रियों ने शिकायत की है कि यह सुविधा केवल साधारण बसों तक सीमित है, जिससे भीड़ और इंतजार की समस्या बनी रह सकती है. राज्य सरकार के अनुसार इस योजना पर सालाना लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे.