जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के कोटली-कलाबन गांव में एक विकास परियोजना ने जमीन और घरों के साथ-साथ लोगों की आजीविका पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
यहां जमीन धंसने से खेतों, घरों और दुकानों में गहरी दरारें आ गई हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पास में चल रहे हाईवे निर्माण की वजह से जमीन धंसी है। उन्होंने अधिकारियों को इसकी चेतावनी दी थी, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया.
अधिकारी अस्थायी तौर पर दरारों को भरने के लिए अर्थमूवर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय राजनेताओं का तर्क है कि परियोजना शुरू होने से पहले जमीन का सही आकलन किया जाना चाहिए था. जैसे-जैसे यहां जमीन धंसती जा रही है, स्थानीय निवासी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि विकास का काम लोगों की जान और रोजी-रोटी की कीमत पर नहीं हो सकता.