अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी के बीच आयोजित एक्वा योग कार्यक्रम ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. ग्वारीघाट पर योग प्रेमियों, तैराकों और प्रशिक्षकों ने पानी के भीतर और सतह पर विभिन्न योगासन कर स्वास्थ्य और संतुलन का संदेश दिया. प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर और बहते पानी में योग अभ्यास कर अनोखा प्रदर्शन किया. विशेषज्ञों के अनुसार एक्वा योग फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने, हृदय स्वास्थ्य सुधारने और मानसिक तनाव कम करने में मददगार होता है. स्थानीय लोगों ने भी योग को बेहतर जीवनशैली और मानसिक शांति का माध्यम बताया. 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले देशभर में ऐसे विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.