महाराष्ट्र के परभणी जिले स्थित यशवाड़ी देवस्थान के हनुमान मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. मंदिर परिसर के सभा मंडप की छत अचानक ढह जाने से कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के समय मंदिर में कीर्तन और महाप्रसाद का कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. बताया जा रहा है कि मंदिर के सामने स्थित सभा मंडप में निर्माण कार्य जारी था और इसी दौरान उसकी छत भरभराकर गिर गई. मलबे, लोहे की रॉड और पत्थरों के नीचे कई लोग दब गए. पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर अभियान चला रहे हैं तथा घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.