पूरा यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। कई जगहों पर तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फ्रांस, स्पेन समेत पश्चिमी और मध्य यूरोप के कई देशों में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने का अनुमान है. फ्रांस के आधे से ज्यादा इलाकों में हाई अलर्ट है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बाहर होने वाले कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं. कर्मचारियों को जहां तक संभव हो घर पर रहने की सलाह दी गई है. गर्मी का अंदाजा इस बात से ली लगाया जा सकता है कि दक्षिण फ्रांस के एक शहर में खड़ी पारिवारिक कार के अंदर दो बच्चे मृत पाए गए. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गर्मी सहारा रेगिस्तान से उत्तर की ओर बढ़ रही गर्म हवाओं के कारण हो रही है, जिससे यूरोप के ऊपर गर्म हवा जमा हो रही है और 'हीट डोम' (गर्मी का गुंबद) बन रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार आने वाली हीटवेव ग्लोबल वार्मिंग का स्पष्ट संकेत हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि पूरे यूरोप में गर्मी का चक्र अब ज्यादा बार, ज्यादा समय तक और ज्यादा गंभीर होता जा रही हैं.