राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और सतीश शाह, क्रिकेटर रोहित शर्मा एवं पार्श्व गायिका अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में इन हस्तियों को सम्मानित किया. उन्होंने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस को जन-सेवा के लिए और मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया.झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन ने दिवंगत नेता की ओर से पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया. राष्ट्रपति ने क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री से सम्मानित किया. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पिछला टी20 विश्वकप जीता था.