पासपोर्ट केवल यात्रा का दस्तावेज है, नागरिकता का सबूत नहीं... ये कहना है विदेश मंत्रालय का. मंत्रालय के मुताबिक, पासपोर्ट कई तरह की जांच-पड़ताल और दस्तावेजों की बारीकी से जांच के बाद जारी किया जाता है, लेकिन इसका मुख्य मकसद अंतरराष्ट्रीय यात्रा को आसान बनाना और विदेश में पासपोर्ट रखने वाले की नागरिकता साबित करना है, लेकिन यह अपने आपमें नागरिकता का पक्का सबूत नहीं है.
मंत्रालय के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक बहस छिड़ गई है. कांग्रेस और शिवसेना UBT ने मंत्रालय के इस बयान पर सवाल उठाए हैं. वहीं, गीतकार जावेद अख्तर ने विदेश मंत्रालय के दावे को बेतुका करार दिया है. उन्होंने X पर लिखा कि विदेश मंत्रालय का कहना है कि पासपोर्ट यात्रा का दस्तावेज है, नागरिकता का सबूत नहीं. सच में??? तो क्या वे कुछ लोगों को यह यात्रा दस्तावेज इसलिए दे रहे हैं क्योंकि उन्हें पूरा यकीन नहीं है कि वह व्यक्ति भारतीय नागरिक है या नहीं?? यह बेतुका है. पूरे विवाद पर बीजेपी ने सफाई दी है और इसे कांग्रेस के समय की व्यवस्था बताया है.