Surprise Me!

राजनगर में पिकअप की टक्कर से टूटा पोल, बड़ा हादसा टला

2026-06-27 1,054 Dailymotion

सवाईमाधोपुर.राजनगर में जैन मंदिर मोड पर शनिवार दोपहर तेज ओवरलोड पिकअप की टक्कर से विद्युत पोल तारों सहित जमीन पर गिर पड़ा। अचानक टूटे पोल से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। विद्युत पोल टूटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने कॉलोनीवासियों की जान‑माल को खतरे में डाल दिया। बिजली, इंटरनेट और केबल की लाइनें जगह‑जगह टूटकर सड़क पर बिखर गईं, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।

तारों में उलझा कबाड़, सड़क पर फैला खतरा

पिकअप में भरा कबाड़ बिजली के तारों में उलझ गया था। इसी वजह से पोल सीधे जमीन पर गिर पड़ा और तार सड़क पर फैल गए। लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हुई और पूरे इलाके में खतरे का माहौल बन गया। इस दौरान काफी देर तक बिजली गुल रही।
पोल टूटने के बाद ठप हुआ रास्ता
राजनगर में बिजली का पोल टूटने के बाद हालात इतने बिगड़े कि जाट छात्रावास की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। तारों और पोल के गिरने से सड़क पर अव्यवस्था फैल गई और वाहनों की कतारें लग गईं। कई देर तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालक मजबूरी में दूसरे रास्तों से निकले, लेकिन तब तक कॉलोनीवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान सड़क पर बिजली, इंटरनेट और केबल की लाइनें बिखरी रहीं, जिससे खतरे का माहौल और गहरा हो गया।

पुलिस की नजर से बचकर दौड़ रहे अवैध वाहन

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनगर कॉलोनी में लंबे समय से ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। इनमें अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर और पिकअप शामिल हैं, जो पुलिस की नजर से बचकर कॉलोनी के बीच से निकलते हैं। दोपहर दो बजे कॉलोनी में 11 केवी चालू लाइन के पोल को जोरदार टक्कर मार दी। तारों सहित पोल गिर पड़ा, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।