मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 48 घंटे के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश का अनुमान जताया है. मानसून पहले कुमाऊं क्षेत्र में दस्तक देगा और फिर धीरे-धीरे पूरे राज्य में सक्रिय होगा. IMD के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी और बहुत भारी वर्षा की भी संभावना है. सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक उत्तराखंड पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने से देरी हुई. इस बीच मानसून देश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. वहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश अब भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जहां गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.