भूकंप की भीषण त्रासदी से जूझ रहे वेनेजुएला में भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल अब पूरी तरह चालू हो चुका है. 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत तैनात यह सैन्य अस्पताल राजधानी काराकास के इंटरनेशनल ला रिनकोनाडा रेसट्रैक पर चौबीसों घंटे आपदा राहत और चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है. भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर इस मानवीय मिशन की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारतीय डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी मलबे से निकाले जा रहे घायलों को नया जीवन दे रहे हैं.
24 जून 2026 को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दोहरे भूकंपों ने वेनेजुएला को हिला कर रख दिया था. इस त्रासदी में अब तक 1,719 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. 5,034 से ज्यादा लोग घायल हैं, जबकि 22,600 से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं. भूकंप के वजह से 855 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं. जिनमें से 189 पूरी तरह जमींदोज हो चुकी हैं. भूकंप के बाद से अब तक 609 से अधिक झटके महसूस किए जा चुके हैं. जिससे रेस्कूय ऑपरेशन में रुकावट आ रही है.