सिरोही: आबूराज (माउंट आबू) के कुमारवाड़ा क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक लेपर्ड होटल परिसर में घुस आया. लेपर्ड ने होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी के पास बंधे पालतू डॉग पर हमला कर उसे मार डाला. घटना 29 जून की रात करीब एक बजे की बताई जा रही है. होटल की छत पर कर्मचारी बालू सो रहा था और उसके पास एक डॉग चेन से बंधा हुआ था. इसी दौरान जंगल की ओर से आया लेपर्ड छत पर पहुंचा और डॉग पर झपट्टा मार दिया. उसने डॉग को मार डाला, लेकिन चेन से बंधे होने के कारण उसे अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सका. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार डॉग का शिकार करने के बाद लेपर्ड कर्मचारी के बिस्तर की ओर बढ़ा और कुछ सेकंड तक उसके सामने खड़ा रहा. इसी दौरान कर्मचारी की आंख खुली और उसने सामने लेपर्ड को देखा. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने घबराने या कोई हरकत करने के बजाय खुद को पूरी तरह शांत रखा और आंखें बंद कर ऐसे लेटा रहा मानो वह गहरी नींद में हो. इस घटना के बाद कर्मचारी इतना भयभीत हो गया कि अगले ही दिन उसने होटल प्रबंधन को पूरी जानकारी दी और गांव जाने की बात कहकर नौकरी छोड़ दी. होटल संचालक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि कर्मचारी घबराकर उठ जाता या अचानक कोई हरकत करता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी.