क्या भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से बातचीत शुरू होनी चाहिए ? यह सवाल पिछले कई दिनों से लगातार पूछा जा रहा है ? इस चर्चा को उस समय बल मिला, जब मीडिया में ट्रैक टू डिप्लोमेसी को लेकर कुछ खबरें आईं. हालांकि, भारत सरकार ने इस तरह की किसी भी बातचीत के होने से इनकार किया है. इसके बावजूद भारत और पाकिस्तान के करीब 117 प्रमुख लोगों ने एक पत्र लिखकर दोनों देशों के बीच स्थिति को सामान्य करने का आग्रह किया है. जिन लोगों ने पत्र लिखे हैं, उनमें 61 भारत की ओर से और 56 पाकिस्तान की ओर से हैं. इन प्रमुख हस्तियों में भारत की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, राजद नेता मनोज झा, प.बंगाल के हुमायू कबीर प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी है. उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि दोनों के बीच जारी दुश्मनी की वजह से लाखों युवाओं को अवसर, समृद्धि और सुरक्षित भविष्य नहीं मिल पा रहा है.