गर्मी, खड़ी चढ़ाई, पथरीला रास्ता, हाथ में वैक्सीन की किट और 38 किलोमीटर की पैदल यात्रा. हेल्थ वर्कर की ये टीम जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के गुरेज में दुर्गम इलाके पाटलवान पहुंची. जहां खनाबदोश जिंदगी जीने वाले परिवार अपने मवेशियों के साथ रहते हैं. इस टीम में बसीर अहमद तेरू, शम्स दीन नासिर और आशा वर्कर रुबीना शामिल थीं. इन्होंने यहां मेडिकल कैंप लगाया. 30 बच्चों को पोलियो ड्रॉप दी, कई मासूमों को टीका लगाया, मरीज़ों की जाँच की, जरुरी दवाइयाँ बांटी. ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले इन परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं बहुत कम ही पहुंच पाती है और इलाज पाना इनके लिए बहुत मुश्किल होता है. इस समुदाय के लोगों ने इसके लिए आभार व्यक्त किया. इस टीम ने यहां रात बिताने के बाद अगले दिन दावर तक की अपनी यात्रा एक बार फिर पैदल ही तय कर यात्रा पूरी की.