अमरनाथ तीर्थयात्रियों का चौथा जत्था आज कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गया है. इस जत्थे में 6 हजार 700 से भी अधिक तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 87 विदेशी भी शामिल हैं. इन तीर्थ यात्रियों में 1 हजार 310 महिलाओं और 22 बच्चे हैं. अमरनाथ यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया.
3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिन की सालाना अमरनाथ यात्रा के पहले दो दिनों में 26,000 से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर में मत्था टेका. तीर्थयात्री व्यवस्था के काफी खुश हैं.
जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने यात्रा करने की योजना बना रहे बिना रजिस्ट्रेशन वाले तीर्थयात्रियों से अपनी यात्रा कुछ दिन आगे बढ़ाने की अपील की. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की बहुत ज्यादा भीड़ के कारण 9 जुलाई तक सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट बुक हो चुके हैं. जो यात्री बिना वैलिड रजिस्ट्रेशन के आ रहे हैं, उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में तीर्थयात्रियों से पहले ही रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की जा रही है.