इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा को एक नोटिस जारी किया है, जिसमें इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण और दुर्व्यवहार सामग्री को बढ़ावा देने वाले सशुल्क विज्ञापनों को हटाने के लिए कहा गया है. सूत्र ने बताया, "मंत्रालय ने इंस्टाग्राम को उन सभी विज्ञापनों और सामग्रियों को बंद करने का आदेश दिया है जो बाल यौन शोषण सामग्री तक पहुच को बढ़ावा देते हैं या उसे आसान बनाते हैं." इस नोटिस में सरकार ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण भी मांगा है. यह कदम आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा मंत्रालय के अधिकारियों को इंस्टाग्राम विज्ञापनों को लेकर मेटा को तलब करने का निर्देश देने के एक दिन बाद आया है, जिन विज्ञापनों पर कथित तौर पर बाल यौन शोषण सामग्री को बढ़ावा देने का आरोप है. कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क में मुख्यालय वाली दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी मेटा, लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मालिक है. मंत्रालय की यह ताजा कार्रवाई बीबीसी (BBC) की एक रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मेटा का रेकमेंडेशन एल्गोरिदम बाल यौन शोषण सामग्री वाले वीडियो को बढ़ावा दे रहा है. बीबीसी की जांच में कथित तौर पर यह भी पाया गया कि इस तरह के विज्ञापन फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखाई दे रहे थे, जबकि मेटा की विज्ञापन नीतियां नग्नता और यौन रूप से स्पष्ट सामग्री को साफ तौर पर प्रतिबंधित करती हैं.