मंगलवार को पीएम मोदी के इंडोनेशिया दौरे का दूसरा दिन है. जहां राष्ट्रपति प्रबोवो ने उन्हें इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को लेकर कहा की यह नई ऊंचाइयों को छू रही है.
भारत-इंडोनेशिया के बीच जकार्ता में 20 समझौते हुए. सबसे अहम ब्रह्मोस डील रही. इसको लेकर दोनों देशों के बीच पिछले 4 महीने से बातचीत चल रही थी. भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट देगा. इसी के साथ फिलीपींस, वियतनाम के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है. इंडोनेशिया ने ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल भारतीय 'अस्त्र' एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने का भी फैसला किया है. वहीं भारत इंडोनेशिया के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) विकसित करने में भी मदद करेगा. ये समझौते पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय बैठक के दौरान हुए. पीएम मोदी बुधवार को इंडोनेशिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर प्रम्बानन जाएंगे. यह मंदिर 1000 साल से ज्यादा पुराना है.