उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में दुर्लभ पक्षी ग्रेटर पेंटेड-स्नाइप अपने दो चूजों के साथ देखा गया है. वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने इसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए हैं. उनका दावा है कि यह कॉर्बेट क्षेत्र में इस पक्षी के सफल प्रजनन का पहला वैज्ञानिक प्रमाण हो सकता है. वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार यह पक्षी बेहद दुर्लभ है और आमतौर पर घास वाले आर्द्र क्षेत्रों में पाया जाता है. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने इसे जैव-विविधता संरक्षण की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया है. उनका कहना है कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि संरक्षण के प्रयास सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और प्राकृतिक आवास सुरक्षित होने से दुर्लभ प्रजातियों को भी प्रजनन का अनुकूल वातावरण मिल रहा है.