कभी थाना, कभी तहसील... जमीन विवादों में वर्षों तक भटकने वाले लोगों के लिए शनिवार राहत लेकर आया। जिले में पहली बार पुलिस और राजस्व विभाग एक ही मंच पर बैठे तो वर्षों पुराने विवाद मिनटों में सुलझने लगे। किसी को खेत तक पहुंचने का रास्ता मिला, किसी के प्लॉट का सीमांकन तय हुआ तो किसी को कब्जा हटाने की कार्रवाई का भरोसा। एसपी और कलेक्टर की इस संयुक्त पहल ने पहले ही दिन 120 आवेदनों में से 50 से अधिक मामलों का निराकरण कर प्रशासन की नई कार्यशैली की प्रभावी शुरुआत कर दी।