गुजरात में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी और डांग समेत दक्षिण गुजरात के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पूर्णा, कावेरी, अंबिका और अन्य नदियां उफान पर हैं। नवसारी में 218 से ज्यादा सड़कें बंद कर दी गई हैं, कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मौसम विभाग ने सूरत और नवसारी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।