Surprise Me!

पहाड़ी से मौत बनकर गाड़ी पर गिरी चट्टान, 6 माह के बच्चे समेत 13 की गई जान

2026-07-24 15 Dailymotion

हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है. शुक्रवार को लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की सीमा पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां पांगी-उदयपुर मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी से अचानक हुए भारी भूस्खलन और बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने के कारण एक टाटा सूमो गाड़ी पूरी तरह मलबे में दब गई. इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार 6 महीने के मासूम बच्चे सहित 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी मृतक चंबा जिले की पांगी घाटी और लाहौल के रहने वाले थे. इस भीषण हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जिला प्रशासन के अनुसार, टाटा सूमो (HP-01M-2210) संसारीनाला-किलाड़-थिरोट-तादी सड़क पर कडू नाला के पास पहुंची ही थी कि अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिरने लगीं. वाहन पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया. हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सीमा सड़क संगठन (BRO) और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं. दुर्गम क्षेत्र होने और लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा. प्रशासन ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला.