असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पिछले चौबीस घंटे में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई. जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है. बाढ़ की गंभीरता को देखते हए शनिवार को पीएम मोदी ने असम के सीएम से बातचीत की और उन्हें केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया. असम के दस जिले बाढ़ से प्रभावित है. शिवसागर में सबसे ज्यादा बाढ़ की मार लोगों पर पड़ी है. जहां लगभग 2.9 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बाढ़ प्रभावित इलाके शिवसागर का दौरा किया. प्रभावित लोगों से बातचीत की और उन्हें राहत का भरोसा दिलाया. असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक राज्य भर में 34,970.8 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है. बाढ़ से नदी के तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं. शिवसागर और नुमालीगढ़ में दिखौ और धनसिरी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.