अगस्त महीने की शुरुआत एक बड़ी राहत की खबर के साथ हुई है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है. नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर ₹2,728 का हो गया है, जबकि कोलकाता में 209 रुपये की कमी के बाद इसकी कीमत ₹2,872.50 हो गई है.
इसके अलावा, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर के दाम में भी 13 रुपये की कटौती की गई है. हालांकि, आम घरों में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसका मतलब है कि होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को इस कटौती का सीधा फायदा मिलेगा.