देशभर में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से बिहार और पश्चिम बंगाल में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. जबकि 14 लोग घायल हैं. पहाड़ों पर भी हालात बेहद गंभीर हैं. उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड होने से रास्ता बंद हो गया है और करीब 200 यात्री वहां फंसे हुए हैं. ऋषिकेश में गंगा नदी चेतावनी के निशान तक पहुंच गई है, जिसके चलते SDRF की तैनाती बढ़ा दी गई है.
मैदानी इलाकों में भी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. यूपी के आगरा में भारी जलभराव के कारण स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है. जबकि हरियाणा के अंबाला और झज्जर की सड़कें तालाब बन चुकी हैं. वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिन भारी बारिश से राहत मिलने के आसार हैं.