नई दिल्ली: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2379 हवा में अचानक गंभीर टर्बुलेंस (तेज झटके) का शिकार हो गई. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है. दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 2379 फुकेट से दिल्ली आ रही थी. दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों को जोरदार झटके महसूस हुए. इस दौरान कुछ यात्रियों को चोटें भी आईं. हालांकि, IGI एयरपोर्ट पर सुबह करीब 11:50 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट पर पहले से मुस्तैद मेडिकल टीमों ने घायल यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद, मामूली रूप से चोटिल दो यात्रियों को वसंत कुंज स्थित इंडिया स्पाइनल इंजरीज सेंटर और अन्य प्रभावितों को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है. वहीं, यात्रियों की मेडिकल स्थिति को लेकर अस्पतालों की ओर से मिलने वाले आधिकारिक अपडेट का अभी इंतजार है.