छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे दो आंदोलनकारियों मनीष ब्रह्मभट्ट और राहुल पांडे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि पार्टी की कोर कमेटी में अभिजीत दीपके ने अपने करीबी लोगों को जगह दी, जबकि जंतर-मंतर आंदोलन में साथ रहे कई लोगों को कमेटी से बाहर कर दिया गया। इसी के विरोध में भूख हड़ताल शुरू की गई थी। अब मनीष और राहुल के अस्पताल में भर्ती होने के बाद फारुक खान ने भूख हड़ताल की कमान संभाल ली है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक कोर कमेटी के गठन और नामों को लेकर पारदर्शिता नहीं आती, आंदोलन जारी रहेगा।