नकली ब्रांड यस्वी सरस और खुला तेल पकड़ा, जयपुर प्रयोगशाला भेजे नमूने
सवाईमाधोपुर. शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने भाड़ौती व मलारना डूंगर में एक के बाद एक तीन बड़ी कार्रवाइयां कर नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम की टीम ने यह कार्रवाई की।
सबसे पहले टीम मेन मार्केट रोड स्थित श्री त्रिनेत्र रिद्धि सिद्धि घी एजेंसी पहुंची। निरीक्षण में पाया कि दुकान में रखा सरस घी नकली था। 1 लीटर के 10 पैकेट पर क्यूआर कोड स्कैन करने पर वह सरस का नहीं निकला। पैकेट खोलने पर अंदर का पाउच भी ढीला और संदिग्ध बनावट का मिला। टीम ने तुरंत नमूना लेकर शेष नकली घी जब्त किया और सरस कंपनी के प्रतिनिधि को कॉपीराइट एक्ट में एफआईआर कराने के लिए लिखा। पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि उसने यह घी निवाई (टोंक) में नेमीचंद जयकुमार फर्म से खरीदा था। टीम ने टोंक के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचना देकर कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद टीम ने विशाल ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां यसवी सरस नामक ब्रांड का घी मिला जो सरस से मिलता‑जुलता था। उसका नमूना लिया और बचा हुआ घी जब्त किया। इसी फर्म से सरसों के तेल का नमूना भी लिया। वहीं तीसरी कार्रवाई गर्ग ट्रेडर्स पर हुई। यहां खुले में स्टील की टंकी में सरसों का तेल बिक्री के लिए रखा मिला। खुला तेल बेचना कांट्रावीन ऑफ एक्ट है। टीम ने इसका नमूना लिया और साथ ही लूज़ काजू का भी नमूना लिया। इस प्रकार भाड़ौती मलारना डूंगर से कुल पांच नमूने एनफोर्समेंट में लेकर खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजे। रिपोर्ट आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावट करने वालों और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नमूनीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।