राजस्थान के नीमकाथाना में संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली. प्रदर्शनकारी एडीएम कार्यालय पहुंचे और अधिकारी के मौजूद नहीं मिलने पर धरने पर बैठ गए. बाद में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ साख के पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने संपूर्ण कर्जमाफी, एमएसपी की कानूनी गारंटी, सिंचाई-पेयजल व्यवस्था, नीमकाथाना जिला और सीकर संभाग की बहाली, जमीन अधिग्रहण रोकने, अवैध टोल और खनन पर रोक जैसी मांगें उठाईं. जेल भरो आंदोलन के तहत प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारियां भी दीं और मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.