महाराष्ट्र के पालघर के वसई में क्राइम ब्रांच की वसई यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 97 लाख 91 हजार रुपये की नकली भारतीय करंसी बरामद की है। पुलिस टीम ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मांडवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मुखबिर की सूचना पर मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर नाकेबंद की और आरोपी को रुपयों के साथ गिरफ्तार कर लिय़ा। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी की और आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक कार चालक पुलिस से बचने की कोशिश करता हुआ दिखाई दिया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस को उस पर संदेह हुआ, पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली, तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग में भारतीय करंसी मिली। जांच करने पर बैग से 500 रुपये के 19,582 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 97 लाख 91 हजार रुपये बताई गई है। बहरहाल हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम प्रदीप आत्माराम पाटील है। वो काशिदकोपर, मांडवी का रहने वाला है। उसके खिलाफ मांडवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
#fakecurrencycase, #VasaiCrimeBranch, #97.91lakhfakecurrency, #MumbaiAhmedabadHighway, #fakecurrency