Surprise Me!

swm news: गड्ढों में तब्दील सड़कें: हर कदम पर दुर्घटना का डर, जिम्मेदार बेपरवाह

2026-08-12 34 Dailymotion

सवाईमाधोपुर. बरसात के बाद शहर की सड़कों की बदहाल सड़कों ने जिम्मेदारो को आइना दिखा दिया है। जगह‑जगह डामर बह गया, गहरे गड्ढे तालाब में बदल गए और हर पल हादसों का खतरा मंडरा रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग की लापरवाही से अधूरे पड़े काम अब आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। जिला मुख्यालय से लेकर कॉलोनियों और मेगा हाइवे तक सड़कें टूटी पड़ी हैं, जिनमें भरा बरसाती पानी राहगीरों और वाहन चालकों को मौत के मुहाने तक धकेल रहा है। जिम्मेदारों की बेरुखी और बेपरवाही ने हालात को और भयावह बना दिया है। सड़कों की बदहाली को लेकर सोमवार को पत्रिका टीम ने पड़ताल की तो हालात बदतर मिले।

कहां-कहां ज्यादा बदहाल है सड़कें...

हम्मीर पुलिया चढ़ाई पर टूटी रोड से खतरा

सिविल लाइन से हम्मीर पुलिया तक चढ़ाई वाला रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर गया है और बीचो‑बीच टूटी सड़क पर वाहन चालक जान जोखिम में डालकर गुजर रहे हैं। पैदल राहगीरों की हालत और भी भयावह है, हर कदम पर गिरने का खतरा बना हुआ है। पुलिया से नीचे उतरते ही सिविल लाइन रोड भी जगह‑जगह टूटी पड़ी है, जो प्रशासन की बेरुखी का सबसे बड़ा सबूत है।
आस्था सर्किल रोड बदहाल
खैरदा मार्ग से पहले आस्था सर्किल रोड पर गहरे गड्ढे तालाब में तब्दील हो चुके हैं। बरसाती पानी जमा होने से स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि हर वाहन चालक दुर्घटना के अंदेशे के साथ गुजर रहा है। राहगीरों को भी हर पल मौत का डर सता रहा है। यह सड़क अब लोगों के लिए रास्ता नहीं, बल्कि खतरे का गड्ढा बन चुकी है।

सिविल लाइन रोड पर अधूरा काम

सिविल लाइन रोड को पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया है। यहां
हम्मीर ब्रिज की चढ़ाई से पहले लोग छोटी पगडंडी के सहारे बाइक निकाल रहे हैं। कई बार वाहन चालक गिर चुके हैं और यह लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है। अधूरा काम प्रशासन की बेरुखी और जनता की जान से खिलवाड़ का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया है।

ट्रक यूनियन रोड गड्ढों में तब्दील

पुरानी ट्रक यूनियन के पास सड़क पूरी तरह गड्ढों में बदल गई है। रात के समय हालात और भयावह हो जाते हैं। राहगीरों और वाहन चालकों को गिरने का अंदेशा बना रहता है। मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभागों की चुप्पी लोगों के गुस्से को और भड़काने लगी है। यह सड़क अब प्रशासन की लापरवाही का सबसे बड़ा आईना बन चुकी है। थोड़ी सी बारिश होते ही यहां रोड वन वे हो जाता है।
.........................

इनका कहना है...
अधूरे पड़े निर्माण कार्य को पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। हमने कलक्ट्रेट के सामने अधूरे रोड को ठीक करवाया दिया है। जल्द ही सिविल लाइन व अन्य सड़का का कार्य व मरम्मत कराई जाएगी।

भगवान सहाय मीणा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी सवाईमाधोपुर