बेंगलुरु सेंट्रल सिटी कॉर्पोरेशन ने साफ किया है कि एक्टर प्रकाश राज का नाम वोटर लिस्ट से मनमाने ढंग से नहीं हटाया गया था, बल्कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा घर-घर जाकर किए गए वेरिफिकेशन के बाद उसे 'शिफ़्टेड' (दूसरी जगह चले गए) के तौर पर मार्क किया गया था. यह स्पष्टीकरण मंगलवार को सोशल मीडिया पर प्रकाश राज का एक वीडियो वायरल होने के बाद आया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि बेंगलुरु में पैदा होने और वहीं पले-बढ़े होने के बावजूद वोटर लिस्ट से उनका नाम हटा दिया गया था. नगर निकाय के अनुसार 16 जून, 2026 को जब स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया के लिए वोटर लिस्ट को फ्रीज किया गया था. प्रकाश राज का नाम शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 1 में सीरियल नंबर 970 पर मौजूद था. जीबीए ने बताया कि बीएलओ ने वोटर लिस्ट में दर्ज पते पर घर-घर जाकर वेरिफिकेशन किया. वेरिफिकेशन के दौरान अधिकारी को पता चला कि प्रकाश राज रजिस्टर्ड पते से कहीं और चले गए थे. अपार्टमेंट के मालिक से भी फ़ोन पर संपर्क किया गया और उन्होंने अधिकारी को बताया कि एक्टर पिछले लगभग चार साल से उस प्रॉपर्टी पर नहीं रह रहे थे और अभी वहाँ कोई दूसरा किराएदार रह रहा है.